बिहार: मोकामा में हिंसा के बाद निर्वाचन आयोग ने पुलिस अधिकारी के तबादले का आदेश दिया

Ads

बिहार: मोकामा में हिंसा के बाद निर्वाचन आयोग ने पुलिस अधिकारी के तबादले का आदेश दिया

  •  
  • Publish Date - November 1, 2025 / 08:02 PM IST,
    Updated On - November 1, 2025 / 08:02 PM IST

नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बिहार के मोकामा में जन सुराज पार्टी के एक समर्थक की हत्या के बाद हिंसा भड़कने के पश्चात शनिवार को पटना के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के तबादले का आदेश दिया।

राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा में तनाव व्याप्त हो गया, जब चुनाव प्रचार के दौरान जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई।

यादव के समर्थकों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल की मोकामा प्रत्याशी वीणा देवी की कार पर पथराव किया।

निर्वाचन आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बताया, ‘‘आयोग ने निर्देश दिया है कि पटना के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विक्रम सिहाग का भी तबादला किया जाए। इसलिए, उनके स्थान पर किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति के लिए अधिकारियों की एक सूची तत्काल भेजी जाए।’’

निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राज्य से जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश

ताजा खबर