बिहार: विवाद के बाद तेजाब से हमले में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह घायल

बिहार: विवाद के बाद तेजाब से हमले में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह घायल

बिहार: विवाद के बाद तेजाब से हमले में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह घायल
Modified Date: August 31, 2026 / 06:51 pm IST
Published Date: August 31, 2026 6:51 pm IST

मोतिहारी (बिहार), 31 अगस्त (भाषा) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पैसों के विवाद को लेकर दो समूहों के बीच कहासुनी के दौरान कथित तौर पर तेजाब से हमला किए जाने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोग झुलस गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, यह घटना 29 अगस्त को केसरिया थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार इलाके में हुई। पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के दौरान यह घटना हुई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘एक दंपति और उनके तीन बच्चे चांदी साफ करने में इस्तेमाल होने वाले तेजाब से कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद झुलस गए। घटना में दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी झुलस गया।’’

पीड़ितों की पहचान आभूषण विक्रेता अमित कुमार, उनके तीन बच्चों—यश कुमार, सक्षम कुमार और आरुष कुमार—तथा प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। अमित की पत्नी भी तेजाब हमले में घायल हुई हैं, लेकिन पुलिस ने उनकी पहचान उजागर नहीं की है।

पुलिस के बयान के अनुसार, ‘‘पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद प्रवीण कुमार उर्फ गुंजन सिंह आभूषण विक्रेता अमित कुमार उर्फ बिट्टू के घर गया था। दोनों के बीच तीखी बहस हुई। कहासुनी के दौरान अमित के घर में रखे तेजाब जैसे पदार्थ का कथित तौर पर दोनों पक्षों ने इस्तेमाल किया, जिससे छह लोग घायल हो गए।’’

अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि मामले में जांच की जा रही है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में