बिरला की सेशेल्स की पहली महिला स्पीकर से मुलाकात, संसदीय सहयोग बढ़ाने पर जोर

बिरला की सेशेल्स की पहली महिला स्पीकर से मुलाकात, संसदीय सहयोग बढ़ाने पर जोर

बिरला की सेशेल्स की पहली महिला स्पीकर से मुलाकात, संसदीय सहयोग बढ़ाने पर जोर
Modified Date: September 2, 2026 / 05:31 pm IST
Published Date: September 2, 2026 5:31 pm IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को सेशेल्स के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की सराहना की और दोनों देशों की के बीच संसदीय सहयोग तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की साझी विरासत को मजबूत करने पर जोर दिया।

सेशल्स की नेशनल असेंबली की स्पीकर अज़ारेल अर्नेस्टा ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ संसद भवन में बिरला से मुलाकात की।

लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, बिरला ने सेशेल्स की पहली महिला स्पीकर के रूप में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए अर्नेस्टा के प्रयासों की सराहना की।

बिरला ने भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने तथा सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी।

दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया सेशेल्स यात्रा और वहां की संसद में उनके संबोधन से दोनों देशों के संबंधों को मिली नयी ऊर्जा पर प्रसन्नता व्यक्त की।

लोकसभा अध्यक्ष ने सेशेल्स के सांसदों को भारतीय संसद का भ्रमण करने और देश की समृद्ध लोकतांत्रिक प्रणाली को करीब से समझने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने सेशेल्स के सांसदों को भारतीय संसदीय व्यवस्था, समिति प्रणाली और संसद पुस्तकालय से परिचित कराने का भी प्रस्ताव रखा।

बिरला ने सेशेल्स के प्रतिनिधिमंडल को भारतीय संसद में तकनीक, नवाचार, डिजिटल संसद और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल से हुए बदलावों की जानकारी दी।

बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने संस्कृति, शिक्षा और पर्यटन के माध्यम से दोनों देशों के बीच जनसंपर्क बढ़ाने तथा ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

बिरला ने संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में