फारुक अब्दुल्ला ने एलजी प्रशासन पर कश्मीरी पंडितों को धमकाने की साजिश रचने का आरोप लगाया

फारुक अब्दुल्ला ने एलजी प्रशासन पर कश्मीरी पंडितों को धमकाने की साजिश रचने का आरोप लगाया

फारुक अब्दुल्ला ने एलजी प्रशासन पर कश्मीरी पंडितों को धमकाने की साजिश रचने का आरोप लगाया
Modified Date: September 2, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: September 2, 2026 7:05 pm IST

श्रीनगर, दो सितंबर (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला ने बुधवार को आरोप लगाया कि उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा के नेतृत्व वाला प्रशासन घाटी में कश्मीरी पंडितों को धमकियां दिलवा रहा है, ताकि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा मिलने से वंचित रखा जा सके।

अब्दुल्ला ने अनंतनाग में संवाददाताओं को बताया, “धमकी कौन दे रहा है? कश्मीरी पंडित अब यहां शायद ही रहते हैं। यहां तैनात सभी बड़े अधिकारी बाहर के हिंदू हैं। महानिदेशक, उप महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सभी हिंदू ही हैं, है ना? उपायुक्त भी हिंदू ही हैं। उन्हें धमकियां क्यों नहीं मिल रही हैं? सवाल यह है कि अगर हिंदुओं को धमकाया जा रहा है, तो उन्हें (वरिष्ठ अधिकारियों को) धमकियों का सामना क्यों नहीं करना पड़ रहा है?”

तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके नेता ने दावा किया कि ये “धमकियां” जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा न देने की एक साजिश हैं।

अबदुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले उपराज्यपाल सिन्हा को इस मामले में जवाब देना चाहिए। उन्होंने इन “धमकियों” के पीछे उपराज्यपाल प्रशासन का हाथ होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “वह जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं? उनसे पूछा जाना चाहिए कि ये धमकियां कहां से आ रही हैं। मैं प्रशासन पर इन धमकियों को जारी करने का आरोप लगा रहा हूं। इसके लिए वही जिम्मेदार हैं…।”

इससे पहले दिन में श्रीनगर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के विरोध-प्रदर्शन के बारे में पूछे गए एक सवाल पर अब्दुल्ला ने कहा, “जम्मू-कश्मीर एक मुश्किल दौर से गुजर रहा है।”

उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार हमसे किए गए वादे पूरे नहीं कर रही है। उसने कहा था कि पहले परिसीमन होगा, फिर चुनाव होंगे और उसके बाद राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”

अब्दुल्ला ने पूछा, “हमारे सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया था कि कुछ ही दिनों में इसे मंजूरी मिल जाएगी। यह बात जनवरी की है। अब सितंबर आ गया है। उस वादे का क्या हुआ?”

पीडीपी का नाम लिए बिना अब्दुल्ला ने कहा कि जिस पार्टी ने भाजपा को अनुच्छेद 370 हटाने में “मदद” की, वह लोगों को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, “हमारे दुश्मन हमारे बीच ही बैठे हैं – वही लोग जिन्होंने जम्मू कश्मीर का पूरा नक्शा बदल दिया, (अनुच्छेद) 370 और (अनुच्छेद) 35ए को हटवा दिया। आज वे राज्य का दर्जा और अनुच्छेद 370 की बात करते हैं। लेकिन उन्हीं लोगों ने इसे खत्म किया था। वही लोग भाजपा के साथ बैठे थे। और अब वे लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं।”

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में