नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आठ जून को चंडीगढ़ में द्वितीय राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र जोन द्वितीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
लोकसभा सचिवालय के अनुसार, हरियाणा विधानसभा में आयोजित होने वाले इस सम्मलेन में राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष, हरविंदर कल्याण और कई अन्य लोग शामिल होंगे।
इस दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान, प्रतिनिधि भविष्य की चुनौतियों से निपटने और ‘विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में जागरूक समाज और विधि-निर्माताओं की भूमिका’ विषय पर विचार-विमर्श करेंगे।
इस सम्मेलन की समाप्ति नौ जून को हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष के समापन भाषण के साथ होगी ।
सम्मेलन में सीपीए भारत क्षेत्र जोन-द्वितीय के पांच विधानमंडलों के सभापति, अध्यक्ष, उप सभापति और उपाध्यक्ष सहित पीठासीन अधिकारी, विधान सभा/विधान परिषद के सदस्य और केंद्रीय मंत्री, संसद सदस्य, हरियाणा विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष और उपाध्यक्ष शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, गोवा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारियों को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है ।
सीपीए भारत क्षेत्र जोन-द्वितीय में जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के विधानमंडल शामिल हैं।
वर्ष 2024 में सीपीए भारत क्षेत्र का नौ जोनों में पुनर्गठन होने के बाद जोन-द्वितीय का यह दूसरा वार्षिक सम्मेलन होगा।
भाषा हक दिलीप माधव
माधव