पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित विधायकों के प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे बिरला

Ads

पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित विधायकों के प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे बिरला

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 03:38 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 03:38 PM IST

कोलकाता, एक जुलाई (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए तीन जुलाई से आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लोकसभा सचिवालय के संसदीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) और पश्चिम बंगाल विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम न्यू टाउन स्थित ‘विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर’ में होगा।

अधिकारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा का हवाला देते हुए बताया कि उद्घाटन सत्र को बिरला के अलावा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष रतींद्र बोस, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस प्रबोधन कार्यक्रम का उद्देश्य नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं और विधानसभा की कार्यप्रणाली की व्यापक समझ प्रदान करना है, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।’’

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष भी उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।

इस दो दिवसीय कार्यक्रम में विधायकों के लिए परंपराओं, रीति-रिवाजों और शिष्टाचार, कार्यपालिका की जवाबदेही और अन्य प्रक्रियागत उपायों, समिति प्रणाली, विधायी प्रक्रिया, वित्तीय कार्य एवं बजट प्रक्रिया, संसदीय विशेषाधिकार एवं नैतिकता तथा राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इन सत्रों की अध्यक्षता विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारी और वरिष्ठ सांसद करेंगे। इनमें केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना शामिल हैं।

राजस्थान, सिक्किम, ओडिशा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश विधानसभाओं के अध्यक्षों के अलावा सांसद एन. के. प्रेमचंद्रन, मनीष तिवारी और रविशंकर प्रसाद भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

भाषा हक हक अविनाश

अविनाश