भुवनेश्वर, 15 मार्च (भाषा) ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने रविवार शाम अपने दो निलंबित विधायकों को राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन का पालन करते हुए मतदान करने का निर्देश दिया है, साथ ही चेताया कि ऐसा न करने पर उनकी सदन की सदस्यता रद्द की जा सकती है।
पटकुरा से विधायक अरविंद महापात्र और चंपुआ से विधायक सनातन महाकुड को 15 जनवरी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बीजद द्वारा निलंबित कर दिया गया था।
बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने पत्र में लिखा, ‘‘आप बीजद के उम्मीदवार के रूप में ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए थे। आपको पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पार्टी से निलंबित किया गया है, लेकिन यह निलंबन आपको पार्टी चिह्न पर निर्वाचित सदस्य के रूप में आपके संवैधानिक दायित्वों से मुक्त नहीं करता।’’
मलिक ने पत्र में कहा कि बीजद ने अपने विधायकों को राज्यसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए व्हिप जारी किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए आपको पार्टी व्हिप का सख्ती से पालन करना होगा और तदनुसार अपना वोट डालना होगा।’’
मलिक ने चेताया, “पार्टी व्हिप के खिलाफ मतदान करना या पार्टी की पूर्व अनुमति के बिना मतदान से अनुपस्थित रहना संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दंडनीय है, जिसमें विधायक द्वारा स्वेच्छा से पार्टी की सदस्यता त्यागने के आधार पर अयोग्यता भी शामिल है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी अपेक्षा करती है कि निलंबित विधायक अपने जनादेश का सम्मान करेंगे और पार्टी व्हिप का पालन करेंगे।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल