भुवनेश्वर, 23 सितंबर (भाषा) ओडिशा के विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने ढेंकानाल जिले में ‘कपिलाश मंदिर’ के पास एक युवा पर्यटक जोड़े के साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न की घटना की सचाई का पता लगाने के लिए बुधवार को एक दल का गठन किया।
पार्टी ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
पार्टी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने दो महिला विधायकों – मनोरमा मोहंती और सुजाता साहू – सहित 10 सदस्यों के एक दल का गठन किया है, जो कपिलाश का दौरा करेगा और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाएगा।
बयान में कहा गया है कि यह दल ढेंकानाल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से भी मुलाकात करेगा और एक ज्ञापन सौंपेगा।
बीजद ने कपिलाश और राज्य भर के अन्य प्रमुख पर्यटक व धार्मिक स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश