नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए, जिनमें राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई, जबकि पार्टी उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु एवं उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया।
इस फेरबदल के तहत, भाजपा ने अनिल बलूनी को पदोन्नत करते हुए पार्टी के संचार विभाग का समन्वयक बनाया है। इस विभाग में पार्टी का राष्ट्रीय मीडिया प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया इकाई शामिल हैं।
हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया विभाग की सह-संयोजक नियुक्त आशीष उषा अग्रवाल को भी पदोन्नत करते हुए इसका संयोजक बना दिया गया है। यह पद अब तक बलूनी के पास था।
पार्टी की एक अधिसूचना के अनुसार, ‘‘इन नियुक्तियों की घोषणा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने की, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।’’
नवनियुक्त प्रभारियों और सह-प्रभारियों को बधाई देते हुए नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, इनके प्रयास संगठन को मजबूत करने और ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’’
अधिसूचना के अनुसार, वरिष्ठ भाजपा नेता विनय सहस्रबुद्धे दिल्ली के प्रभारी होंगे, जबकि दर्शना जरदोश और जामयांग सेरिंग नामग्याल सह-प्रभारी होंगे।
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और आनंद ओझा सह-प्रभारी होंगे। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है, जबकि अमित मालवीय, सदानंद शेट तनावडे और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है, जबकि राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी बिहार और कर्नाटक के प्रभारी होंगे।
राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। वहां भी अगले साल ही विधानसभा चुनाव होने हैं।
अगले साल पंजाब में भी चुनाव होना है और इस राज्य के लिए सतीश पूनिया को प्रभारी बनाया गया है, जबकि भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और राज्यसभा सदस्य अलका गुर्जर को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पूनिया को जम्मू-कश्मीर का भी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वह कैलाश विजयवर्गीय की जगह लेने के बाद, पहले से ही बंगाल के प्रभारी के तौर पर काम कर रहे थे।
अधिसूचना के अनुसार, भाजपा उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड के लिए राजनीतिक मामलों का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी को ओडिशा की कमान सौंपी गई है और राष्ट्रीय सचिव स्वदेश सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।
असम के भाजपा विधायक राजीव रॉय को मणिपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री भारती प्रवीण पवार को गोवा की कमान सौंपी गई है। गोवा में भी अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अनिल एंटनी गोवा के सह-प्रभारी होंगे। एंटनी नगालैंड के लिए पार्टी के प्रभारी भी होंगे।
बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडे को असम का प्रभारी बनाया गया है, जबकि राष्ट्रीय महासचिव फांगनोन कोन्याक और राष्ट्रीय सचिव मनोज तिग्गा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभार सौंपा गया है, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल को सह-प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाए रखा है, जहां अगले साल चुनाव होने हैं, जबकि महेंद्र पांडे को चंडीगढ़ का प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश की कमान सौंपी गई है, जबकि पार्टी की महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष वी. श्रीनिवासन को सह-प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एम. नागराजा पार्टी की केरल इकाई, पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन लक्षद्वीप और राजकुमार भाटिया लद्दाख के प्रभारी बनाये गए हैं।
भाजपा उपाध्यक्ष वी. नरेंद्रभाई दोशी को दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश जबकि जय प्रकाश को अंडमान निकोबार द्वीप समूह का प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी ने भागवत कराड को मिजोरम, के. पुरकायस्थ को असम, मृगांक देब बर्मन को त्रिपुरा का प्रभारी नियुक्त किया है।
अधिसूचना के अनुसार, बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को उत्तराखंड के लिए सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाषा
सुभाष पवनेश
पवनेश