शर्मा दंपति पर आरोपों को भाजपा ने बताया ‘बेबुनियाद’, कांग्रेस पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप

Ads

शर्मा दंपति पर आरोपों को भाजपा ने बताया ‘बेबुनियाद’, कांग्रेस पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 10:56 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 10:56 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी के खिलाफ ‘बेबुनियाद’ आरोप लगाने के लिए ‘मनगढ़ंत’ दस्तावेजों और “गढ़ी हुई कहानियों’ का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य विधानसभा चुनावों में अपनी आसन्न हार को देखते हुए मुख्य विपक्षी दल ने ऐसे ‘निंदनीय और घृणित’ कृत्यों को अंजाम दिया है।

सत्तारूढ़ दल की यह प्रतिक्रिया तब सामने आई जब कांग्रेस ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं और उन्होंने उनकी संपत्तियों के बारे में जानकारी छिपाई है।

असम में नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिये प्रचार के अंतिम चरण पर पहुंचने के साथ ही, कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक संवाददाता सम्मेलन में शर्मा को निशाना बनाते हुए आरोपों के समर्थन में कथित दस्तावेज दिखाए और मांग की कि निर्वाचन आयोग उनके चुनावी शपथ पत्र में कथित तौर पर जानकारी छिपाने के आरोप में उनका नामांकन रद्द करे।

खेड़ा के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘चुनावी मौसम के परवान पर होने के दौरान मनगढ़ंत और झूठी कहानियां गढ़कर आसन्न हार की दिशा बदलने का यह एक हताश और बेताब प्रयास है।’

भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ‘मनगढ़ंत दस्तावेजों’ का इस्तेमाल करते हुए असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर ‘पूरी तरह से निराधार’ आरोप लगाकर ‘बेहद निंदनीय और घृणित कृत्य’ किया है।

उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘यह बेहद निंदनीय है।’

त्रिवेदी ने दावा किया कि खेड़ा द्वारा दिखाए गए दस्तावेजों में कई विसंगतियां थीं, जिनमें उपनाम की गलत वर्तनी और उनकी पत्नी का यूआईडीएआई नंबर शामिल है।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत