बाढ़ प्रभावित पुंछ-राजौरी का भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा, राहत कार्यों का लिया जायजा

Ads

बाढ़ प्रभावित पुंछ-राजौरी का भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा, राहत कार्यों का लिया जायजा

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 07:42 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 07:42 PM IST

जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुंछ और राजौरी जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और मूसलाधार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ तथा भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने प्रभावित परिवारों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई और कहा कि केंद्र सरकार को जमीनी स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में जम्मू-कश्मीर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रवींद्र रैना और पूर्व मंत्री एवं विधायक श्यामलाल शर्मा भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं, उनके सामने आ रही चुनौतियों को समझा और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

शर्मा ने कहा, ‘‘जमीनी हालात पर एक विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी, जिसमें नुकसान का दायरा, लोगों को हुए नुकसान और राहत एवं पुनर्वास की जरूरतों का ब्योरा शामिल होगा।’’

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की चिंताओं और मांगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक सहायता और सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

शर्मा ने पुंछ और राजौरी दोनों जिलों के प्रशासन को निर्देश दिया कि वे तत्परता के साथ काम करें और यह सुनिश्चित करें कि बिना किसी देरी के प्रभावित परिवारों तक हरसंभव मदद पहुंचे।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश