जयपुर, 11 अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
हिमंत ने दर्शन के बाद संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि आगामी राजनीतिक परिस्थितियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) असम में एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि 126 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी 90 से 100 सीटें जीत सकती है।
असम के मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि भाजपा पहले से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी और लगभग 90 से 100 सीटें हासिल करेगी।”
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें “झूठा” करार दिया और कहा कि इस मामले का निपटारा कानून के अनुसार किया जाएगा।
हिमंत शर्मा ने कहा, “यह मंदिर है और मैं यहां राजनीति में नहीं उलझना चाहता। लेकिन जो काम किया गया था उसे फोटोशॉप और कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई) का इस्तेमाल कर तोड़ा-मरोड़ा गया। सभी आरोप झूठे हैं। कानून अपना रास्ता खुद तय करेगा।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह नियमित रूप से खाटूश्याम मंदिर आते रहे हैं और इससे पहले चुनाव समाप्त होने के बाद भी यहां दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि वे सलासर बालाजी मंदिर भी जाएंगे।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत