जयपुर, 21 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के पारित न होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न तो हतोत्साहित हैं और न ही उनके आत्मविश्वास में कोई कमी आई है।
उन्होंने यहां पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं को शीघ्र आरक्षण देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक लेकर आए तो कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों ने इसके रास्ते में हर प्रकार के रोड़े अटकाए। उन्होंने षडयंत्रपूर्वक यह सुनिश्चित किया कि हम इस संशोधन विधेयक को पारित न करवा पाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री न तो इससे हतोत्साहित हुए हैं, न उनके चेहरे पर शिकन है, न ही उनके आत्मविश्वास में कोई कमी है।’’
अग्रवाल के अनुसार, ‘‘हमने तय किया है कि महिलाओं को आरक्षण देना हमारा सैद्धांतिक विषय है। हम यह मानते हैं कि देश के विकास की कल्पना और देश की परिपक्व राजनीति की कल्पना महिलाओं के सहयोग के बिना नहीं की जा सकती।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी व उसके सहयोगी चाहे कितने भी अवरोध पैदा करें हम जल्दी से जल्दी लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण को लागू करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द से जल्द महिला आरक्षण को व्यवहारिक रूप से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भाजपा विरोधी दलों के इस रुख को महिला विरोधी बताते हुए उसकी निंदा की ओर कहा कि महिला आरक्षण के विरोध में विपक्ष का इस तरह खुलकर सामने आना अप्रत्याशित है।
उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं जागरूक और सजग हैं तथा वे विपक्ष का वास्तविक चेहरा समझ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि समय आने पर महिलाएं इसका उचित जवाब देंगी।
भाषा पृथ्वी अमित
अमित