राजस्थान में भाजपा सरकार पंचायत चुनावों में देरी कर रही : सचिन पायलट

राजस्थान में भाजपा सरकार पंचायत चुनावों में देरी कर रही : सचिन पायलट

राजस्थान में भाजपा सरकार पंचायत चुनावों में देरी कर रही : सचिन पायलट
Modified Date: April 14, 2026 / 03:04 pm IST
Published Date: April 14, 2026 3:04 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

जयपुर, 14 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर राज्य में पंचायत चुनावों के आयोजन में जानबूझकर देरी करने का मंगलवार को आरोप लगाया।

पायलट ने संवाददाताओं से बातचीत में स्थानीय निकाय चुनावों में देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार अदालत के निर्देशों के बावजूद चुनाव टालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “सत्तारूढ़ पार्टी को हार का डर है, इसलिए वह जानबूझकर स्थानीय निकाय चुनावों में देरी कर रही है।”

पायलट ने आरोप लगाया कि सरकार को न तो अदालत के निर्देशों की परवाह है और न ही राज्य की जनता की।

उन्होंने कहा, “उच्च न्यायालय ने 15 अप्रैल की समयसीमा दी थी, इसके बावजूद चुनावों को किसी न किसी बहाने टालने की कोशिश की जा रही है।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत ग्रामीण रोजगार कार्य ठप हो गए हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को आरक्षण दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रही है और पार्टी ने केंद्र में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान सोनिया गांधी की अगुवाई में एक विधेयक पेश किया था।

पायलट ने कहा कि पार्टी महिलाओं को आरक्षण देने के कदम का समर्थन करती है, लेकिन यह भी जरूरी है कि उचित प्रक्रिया का पालन किया जाए।

कांग्रेस नेता ने राजस्थान में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था और जनकल्याण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।

भाषा

बाकोलिया वैभव पारुल

पारुल


लेखक के बारे में