भाजपा ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड में छात्रों द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन के मुद्दे पर सोमवार को कांग्रेस पर ‘दोहरे मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने दिल्ली में छात्रों के आंदोलन को ‘राजनीतिक रूप से हथियाने’ की कोशिश की थी, वे अब पूर्वी राज्य में चल रहे आंदोलन पर चुप्पी साधे हैं।
भाजपा का यह बयान ऐसे समय आया जब झारखंड में अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हजारों अभ्यर्थी सोमवार सुबह राज्य विधानसभा की ओर मार्च कर रहे थे।
जेकेएलएम नेता देवेंद्र नाथ महतो इस मुद्दे पर गत नौ दिन से अनशन कर रहे हैं और उनका करीब 10.5 किलोग्राम वजन घट गया है। इसके बावजूद वह एम्बुलेंस में बैठकर मार्च में शामिल हुए। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर लिए हुए देखा गया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो लोग दिल्ली में छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रूप से हथियाने की कोशिश कर रहे थे, जो बेचैन थे—कभी बसों में बैठते थे तो कभी पैदल मार्च निकालते थे—वे तथाकथित नेता अब कहाँ हैं?’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास झारखंड के छात्रों की बात सुनने का समय नहीं है क्योंकि इस राज्य में जिस पार्टी की सरकार है वह कांग्रेस की गठबंधन सहयोगी है।
चुघ ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी के पास उन छात्रों की बात सुनने का समय तक नहीं है क्योंकि झारखंड में आपकी सरकार है। यह दोहरा मानदंड है। दिल्ली में बेचैनी थी, लेकिन वहां कहने के लिए एक भी शब्द नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब उनके पास ऐसी कोई बस नहीं है जिससे वे राजघाट जा सकें, विरोध-प्रदर्शन कर सकें और कुछ शब्द कह सकें।’’
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी होनी चाहिए और उनके आंदोलन को लेकर राजनीति करने वालों को अब आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी अपील है कि छात्रों की बात सुनी और समझी जाए तथा उनकी मांगें पूरी की जाएं। मैं सभी से अपील करता हूं कि विरोध करना हमारा अधिकार है और सत्याग्रह हमारी ताकत है, लेकिन किसी भी हाल में हमें कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए।’’
भाषा धीरज वैभव माधव
माधव

Facebook


