आप विधायक साइकिल से विस पहुंचे, सरकार पर लगाया अधिक कीमत पर साइकिल खरीद का आरोप
आप विधायक साइकिल से विस पहुंचे, सरकार पर लगाया अधिक कीमत पर साइकिल खरीद का आरोप
नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमवार को मॉनसून सत्र के दूसरे दिन साइकिल चलाकर दिल्ली विधानसभा पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने एक कल्याणकारी योजना के लिए वैसी ही साइकिलों की खरीद अधिक कीमत पर की हैं।
आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि उन्होंने एक दुकान से ये साइकिलें लगभग 4,200 रुपये प्रति साइकिल के हिसाब से खरीदी थीं, जबकि मौजूदा दिल्ली सरकार ने निविदा के ज़रिए 1.30 लाख साइकिलें 6,957 रुपये प्रति साइकिल के हिसाब से खरीदी हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि कीमतों में अंतर के लिए सरकार से स्पष्टीकरण की जरूरत है।
आप विधायकों ने विधानसभा जाते समय ‘‘साइकिल चोर कहां मिलेंगे’’ जैसे नारे लगाए।
भारद्वाज ने कहा कि विधायकों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली साइकिलें वैसी ही हैं जैसी सरकार ने खरीदी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने एक साइकिल खरीदने के लिए 4,200 रुपये दिए, जबकि दिल्ली सरकार ने 1.30 लाख साइकिलें खरीदीं और एक साइकिल के लिए 6,957 रुपये की कीमत अदाल की।’’
दिल्ली सरकार ने ‘विद्या वाहिनी’ योजना के तहत सरकारी स्कूलों की छात्राओं को साइकिलें वितरित की हैं।
आप के आरोपों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


