कोलकाता, दो अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी विधानसभा चुनावों के लिए अन्य दलों के “खारिज तत्वों” को मैदान में उतार रही है।
पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले के तलडांगरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा, “भाजपा को अपने साथ रखना नासूर के साथ जीने जैसा है, इसे हटाना कैंसर का इलाज करने जैसा है।” उन्होंने मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मौका न देने का आग्रह किया।
बनर्जी ने दावा किया कि टीएमसी द्वारा दरकिनार किए गए व्यक्तियों को भाजपा द्वारा महत्वपूर्ण पदों पर पदोन्नत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हम सड़े-गले, खारिज किए गए तत्वों को बाहर निकाल देते हैं, लेकिन भाजपा उन्हें चुन लेती है और उन्हें महत्वपूर्ण पद देती है।” उन्होंने यह बात 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दलबदलुओं के संदर्भ में कही।
केंद्र सरकार पर अपना हमला तेज करते हुए बनर्जी ने भाजपा पर पिछले पांच वर्षों में पश्चिम बंगाल को उसके हक से वंचित करने का आरोप लगाया।
विकास संबंधी वादों का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि शिलाबती नदी पर एक पुल और तलडांगरा में एक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश