भाजपा नेता एस सुरेश ने शॉन जॉर्ज का बचाव किया

Ads

भाजपा नेता एस सुरेश ने शॉन जॉर्ज का बचाव किया

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 06:18 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 06:18 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 11 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के महासचिव एस सुरेश ने शनिवार को पार्टी नेता शॉन जॉर्ज का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने केवल राजनीतिक हितों के लिए एक मीडिया प्रतिष्ठान के कथित ‘‘दुरुपयोग’’ की आलोचना की थी।

जॉर्ज ने हाल ही में चर्च समर्थित मलयालम दैनिक ‘दीपिका’ की केरल विधानसभा चुनाव से पहले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के पक्ष में कथित रुख को लेकर आलोचना की थी।

सुरेश ने कहा कि किसी भी धार्मिक समूह या समुदाय के समर्थन को कांग्रेस की ओर मोड़ने का कोई भी प्रयास ‘‘राजनीति के रूप में देखा जाएगा और इस पर राजनीतिक सवाल उठाए जाएंगे।’’

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘जॉर्ज ने केवल राजनीतिक लाभ के लिए एक विशेष धर्म से जुड़े माने जाने वाले मीडिया प्रतिष्ठान के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाई।’’

सुरेश ने जॉर्ज के पिता पी सी जॉर्ज द्वारा कुछ बिशप के संबंध में की गईं टिप्पणियों के बारे में कहा कि उनकी टिप्पणियां संभवतः पूंजार की विशिष्ट क्षेत्रीय स्थिति से प्रभावित थीं और इस संबंध में कोई भी जानकारी उन्हीं से प्राप्त करनी होगी।

उन्होंने यह बात मलयालम दैनिक और बिशप के खिलाफ पिता-पुत्र द्वारा हाल ही में की गईं टिप्पणियों की व्यापक आलोचना के बाद कही।

सुरेश ने कहा, ‘‘सभी को समान न्याय और किसी का भी तुष्टीकरण नहीं, यही भाजपा का रुख है। केंद्र और भाजपा शासित किसी भी राज्य सरकार ने किसी जाति या धर्म के प्रति कोई भेदभाव दिखाया है।’’

उन्होंने दावा किया कि अन्य राजनीतिक संगठनों की तुलना में भाजपा में ईसाई सदस्यों की संख्या अधिक है और मुस्लिम समुदाय के भी हजारों लोगों ने पार्टी के लिए काम करने में अपनी रुचि व्यक्त की है।

सुरेश ने कहा, ‘‘भाजपा का कोई सांप्रदायिक रुख नहीं है। यह एक समावेशी राजनीतिक दल है।’’

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल