वांछित गैंगस्टर को थाईलैंड से वापस लाया गया, हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया

Ads

वांछित गैंगस्टर को थाईलैंड से वापस लाया गया, हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 09:27 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 09:27 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) देश के कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात गैंगस्टर साहिल चौहान को थाईलैंड से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। चौहान के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था। सीबीआई के अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

हरियाणा पुलिस के एसटीएफ आईजी बी सतीश बालन ने बताया कि राव इंद्रजीत यादव समेत कई अन्य गैंगस्टर को दुबई और अन्य देशों में हिरासत में लिया गया है। उनके कागजात तैयार किए जा रहे हैं और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल के माध्यम से पता लगाया कि चौहान बैंकॉक में है और शुक्रवार को उसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस लाया गया, जहां से हरियाणा पुलिस की एसटीएफ उसे गुरुग्राम के भोंडसी मुख्यालय ले गई।

सीबीआई ने एक बयान में कहा, ‘विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सहयोग से सीबीआई ने 10 अप्रैल को वांछित भगोड़े साहिल चौहान को थाईलैंड से सफलतापूर्वक वापस लाने में कामयाबी हासिल की है।’

अंबाला के शाहजादपुर निवासी चौहान ने 2016 में अपना पहला अपराध किया था और हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती व अवैध आग्नेयास्त्रों के इस्तेमाल से जुड़े 16 आपराधिक मामलों में वह वांछित था। हरियाणा पुलिस ने सीबीआई से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी करने का अनुरोध किया है।

बालन ने बताया कि चौहान, भूप्पी राणा गिरोह और बंबीहा गिरोह का एक प्रमुख सदस्य था और हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ क्षेत्रों में सक्रिय था। उसे चार जनवरी 2017 को जगाधरी अदालत में प्रतिद्वंद्वी गैंगस्टर मोनू राणा पर गोली चलाने के आरोप में 10 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, जमानत पर रिहा होने के बाद वह बेंगलुरु भाग गया।

वह गुरुग्राम के कौशल चौधरी गिरोह से भी जुड़ा हुआ था।

आईजी ने बताया कि 2024 में उसने फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल करके बेंगलुरु से विदेश भाग गया। इसके बाद वह दो साल तक विभिन्न देशों में घूमता रहा और कुछ दिन पहले थाईलैंड पहुंचा।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन

रंजन