नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत अन्य भाजपा नेताओं ने शनिवार को यहां राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया।
भाजपा का यह कदम प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बृहस्पतिवार रात को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद आया है।
राजघाट पर भाजपा नेताओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाया।
उन्होंने संकल्प लिया, ‘‘हम भाजपा कार्यकर्ता यह शपथ लेते हैं कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा सबसे पहले आवाज उठाएंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ ही काम करेंगे।’’
राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में 28 मार्च तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया।
भाषा शफीक सिम्मी
सिम्मी