भाजपा नेता की पोस्ट देश के युवाओं के संदर्भ में नहीं थी: मुख्यमंत्री सावंत

Ads

भाजपा नेता की पोस्ट देश के युवाओं के संदर्भ में नहीं थी: मुख्यमंत्री सावंत

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 05:00 PM IST

पणजी, 22 जुलाई (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भाजपा की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष नरेन्द्र सवाईकर की विवादित पोस्ट ‘‘दीमकों के साथ कॉकरोच’’ का बचाव करते हुए बुधवार को कहा कि यह देश के युवाओं के संदर्भ में नहीं थी।

सवाईकर की पोस्ट में भारत का एक चित्रात्मक मानचित्र दिखाया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘दीमकों के साथ कॉकरोच! राष्ट्र को बचाइए!’’

सावंत ने यहां पत्रकारों से कहा कि राजनीतिक कारणों से इस पोस्ट का गलत अर्थ निकाला जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पोस्ट में इस्तेमाल किए गए ‘कॉकरोच’ या ‘दीमक’ जैसे शब्दों का युवाओं से कोई संबंध नहीं है। कुछ लोग बयानों की व्याख्या अपनी राजनीतिक सोच के अनुसार करते हैं और उन्हें हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने की आदत है।’’

विपक्षी दलों ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि सवाईकर की पोस्ट युवाओं को निशाना बनाकर की गई थी।

कांग्रेस ने मंगलवार को मांग की थी कि सवाईकर 24 घंटे के भीतर माफी मांगें।

भाषा देवेंद्र सुरेश

सुरेश