शिमला, 31 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन नगर निगमों के लिए हुए चुनाव में रविवार को मतगणना जारी रहने के बीच शुरुआती रुझानों में मंडी और धर्मशाला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे है जबकि पालमपुर में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है।
मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन नगर निगमों के 64 वार्ड के लिए 17 मई को मतदान हुआ। चुनाव पार्टी चिह्नों पर कराया गया।
धर्मशाला और सोलन नगर निगमों के 17-17 वार्ड और मंडी तथा पालमपुर के 15-15 वार्ड में मतदान हुआ।
पालमपुर में सबसे अधिक 68.97 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद मंडी में 66.78 प्रतिशत, धर्मशाला में 60.01 प्रतिशत और सोलन में 58.32 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतों की गिनती रविवार सुबह नौ बजे शुरू हुई।
मंडी (सदर) से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि नगर निगम चुनाव के रुझान संकेत दे रहे हैं कि भाजपा 2027 के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी।
भाजपा नेताओं के अनुसार, धर्मशाला में भाजपा 17 में से 11 वार्ड में आगे है। धर्मशाला से भाजपा विधायक ने कहा कि परिणाम पार्टी के विकास एजेंडा और कल्याणकारी पहलों के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाते हैं।
भाषा
सुरभि नेत्रपाल
नेत्रपाल