चंबा हादसा: खाई से शवों को निकालने का अभियान जारी

Ads

चंबा हादसा: खाई से शवों को निकालने का अभियान जारी

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 12:59 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 12:59 PM IST

शिमला, 31 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक खाई में कार के गिर जाने से मारे गए सात पर्यटकों और एक टैक्सी चालक के शवों को निकालने का अभियान रविवार को जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना शुक्रवार देर रात चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किल्लर मार्ग पर हुई लेकिन स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी शनिवार दोपहर को मिली।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब कार हिमाचल प्रदेश के सबसे दुर्गम मार्गों में से एक, बर्फ से ढके साच दर्रे की ओर जा रही थी।

चुराह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक हंस राज ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शवों को निकालने का अभियान जारी है लेकिन खड़ी ढलान और खराब मौसम के कारण शवों को निकाला नहीं जा सका है।

उन्होंने बताया कि इलाका दूरदराज का और दुर्गम है तथा वहां फोन का सिग्नल भी नहीं आता।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह अभियान फिर से शुरू हुआ और स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर रस्सियों की मदद से मानव श्रृंखला बनाकर दुर्घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो परिवार डलहौजी में मिले थे और उन्होंने एक ही टैक्सी से साच दर्रा क्षेत्र में बर्फबारी का आनंद लेने का फैसला किया था।

टैक्सी चालक सहित दोनों परिवार शुक्रवार को साच दर्रा के रास्ते बैरागढ़-किल्लर रवाना हुए और जब टैक्सी निर्धारित समय के बाद भी डलहौजी नहीं लौटी तो वाहन मालिक ने वाहन की जीपीएस लोकेशन की जांच की।

जानकारी के अनुसार जीपीएस डेटा के अनुसार, वाहन कलावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दिया और उसमें हलचल का कोई संकेत नहीं था। इसके बाद, एक स्थानीय तलाशी अभियान शुरू किया गया जिससे यह आशंका बढ़ गई कि वाहन किसी दुर्घटना का शिकार हो गया है।

मृतकों की पहचान अरविंद चंद्रकर, उनकी पत्नी प्राची, पुत्र दर्श और अक्षद (सभी बेंगलुरु निवासी), पी.जी. कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला और पुत्र नंदन (सभी कर्नाटक निवासी) और टैक्सी चालक विश्वास (हिमाचल प्रदेश के चंबा निवासी) के रूप में हुई है।

भाषा सुरभि अमित

अमित