प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से भीषण गर्मी के बीच एहतियात बरतने की अपील की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से भीषण गर्मी के बीच एहतियात बरतने की अपील की

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 12:50 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 12:50 PM IST

(तस्वीर के साथ जारी)

नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में तापमान बढ़ने के मद्देनजर लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहने की रविवार को अपील की।

मोदी ने रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि लोगों को धूप में बाहर निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। अगर धूप में बाहर निकलना जरूरी हो, तो सावधानी और जरूरी एहतियात बरतें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पानी पीते रहें। इस संबंध में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को भी न भूलें।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने देश में तापमान बढ़ने के बीच पिछले बुधवार को भी नागरिकों से अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि ऐसे कठोर मौसम में शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना बहुत जरूरी है।

मोदी ने फलों के राजा आम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में शायद ही कोई घर हो, जहां आम की चर्चा न होती हो। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र का अपना आम और उसकी अपनी सुगंध होती है।

उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र का हापुस या अल्फांसो, गुजरात का केसर- ये तो आमरस की जान हैं। उत्तर प्रदेश का दशहरी और मेरी काशी का लंगड़ा। बिहार का जर्दालू जिसकी खुशबू दूर से पहचान में आ जाए। चौसा, मालदा…हर नाम के साथ लोगों की यादें जुड़ी हुई हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कोई दक्षिण भारत जाए तो उसे बंगनपल्ली, तोतापुरी, नीलम, मलगोवा, पश्चिम बंगाल के हिमसागर, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के सुवर्णरखा जैसी अन्य किस्में मिलेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यानी, जगह बदलती है और साथ ही आम का रूप-रंग एवं उसका स्वाद भी बदल जाता है … आम की यह यात्रा अब गांवों से वैश्विक बाजार तक भी पहुंच रही है।’’

भाषा सिम्मी अमित

अमित