चंडीगढ़, तीन जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत ‘डबल इंजन सरकार’ बनने की पूरी संभावना है।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि पंजाब भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी उपस्थिति को और मजबूत करेगी और राज्य में विकास, सुशासन और आर्थिक प्रगति के लिए विश्वसनीय माध्यम के रूप में उभरेगी।
सैनी यहां पंजाब भाजपा मुख्यालय में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे। यहां ढिल्लों ने राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया।
नए प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए सैनी ने कहा कि ढिल्लों का संगठनात्मक अनुभव, जनता से जुड़ाव और पार्टी की विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पंजाब में भारतीय जनता पर्टी (भाजपा) के विस्तार को नयी गति प्रदान करेगी।
सैनी ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा से प्रेरित संगठन है जहां राष्ट्रीय हित और जनसेवा सर्वोपरि हैं।
राष्ट्र के प्रति पंजाब के अपार योगदान को रेखांकित करते हुए सैनी ने कहा कि राज्य ने ऐतिहासिक रूप से राष्ट्रीय सुरक्षा, कृषि अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सैनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई परिवर्तनकारी पहल का जिक्र करते हुए कहा कि भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से प्रगति कर रहा है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश