केजरीवाल के बंगले को लेकर भाजपा ने झूठ बोला, फर्जी तस्वीरें साझा कीं: आम आदमी पार्टी

Ads

केजरीवाल के बंगले को लेकर भाजपा ने झूठ बोला, फर्जी तस्वीरें साझा कीं: आम आदमी पार्टी

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 07:45 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इंटरनेट से “फर्जी” तस्वीरें लेकर उन्हें पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के आवास के रूप में पेश करने का आरोप लगाया।

‘आप’ की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, “तस्वीरें पूरी तरह फर्जी हैं, इंटरनेट से डाउनलोड की गई हैं। भाजपा झूठ और घोटालों के सहारे चल रही है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शनिवार सुबह से गलत जानकारी फैलाकर इन तस्वीरों को केजरीवाल के आवास की तस्वीरें बताने की कोशिश कर रही है, जो पूरी तरह झूठ है।

कक्कड़ ने कहा, “यह सिर्फ एक साजिश है। भाजपा नेता और सांसद बांसुरी स्वराज ये झूठ फैला रही हैं।”

उन्होंने यह भी बताया कि आप ने भाजपा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आवास दिखाने की चुनौती दी है।

कक्कड़ ने कहा, “भाजपा डर गई, उसने आवास के चारों ओर अवरोधक लगा दिए और हमने उसे चुनौती दी। वह इसलिए डरी हुई है, क्योंकि आप ने मोदी के गृह राज्य गुजरात में प्रवेश कर लिया है। वह इससे घबराई हुई है। आप उसे गुजरात में सत्ता से बाहर कर देगी।”

वहीं, भाजपा ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को यहां लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले को लेकर उन्हें घेरा और इसे “शीश महल 2” करार देते हुए आरोप लगाया कि इसमें सुविधाएं हासिल करने के लिए निजी धन खर्च किया गया है।

पार्टी की नेता बांसुरी स्वराज ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान तस्वीरें साझा करते हुए कहा, “जैसा कि इन तस्वीरों से स्पष्ट है, ये किसी ‘आम आदमी’ की पसंद नहीं, बल्कि एक बेहद उच्चवर्गीय व्यक्ति की पसंद है।”

स्वराज ने एक निजी कंपनी का नाम भी उजागर किया और दावा किया कि उसी ने आवास के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया है।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश