उप्र : शामली में सड़क पर मिले चार लाख रुपये सत्यापन के बाद मालिक को लौटाए गए

Ads

उप्र : शामली में सड़क पर मिले चार लाख रुपये सत्यापन के बाद मालिक को लौटाए गए

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 09:28 PM IST

मुजफ्फरनगर/शामली, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के शामली जिले में मेरठ-करनाल राजमार्ग पर मिले चार लाख रुपये की नकदी को पुलिस ने सत्यापन के बाद उसके वास्तविक मालिक को लौटा दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को कबरौत गांव के पास एक ग्रामीण ने सड़क पर नोट बिखरे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नकदी बरामद कर उसे मालखाने में जमा करा दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि बरामद राशि में 500 रुपये के छह बंडल, 200 रुपये के चार बंडल और 100 रुपये के दो बंडल शामिल थे, जिनकी कुल कीमत चार लाख रुपये है।

इस बीच, मुजफ्फरनगर जिले के बुढाना कस्बे के निवासी शुभम ने दावा किया कि यह नकदी उसकी है। उसने बताया कि वह हरियाणा के करनाल से बैंक से पैसे निकालकर मोटरसाइकिल से लौट रहा था, तभी रास्ते में यह राशि गिर गई।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच और सत्यापन के बाद नकदी को उसके वास्तविक मालिक शुभम को सौंप दिया गया।

उन्होंने यह भी बताया कि नकदी मिलने की सूचना देने वाले व्यक्ति सुमित कुमार और पुलिस टीम को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत