बासी खाने से छात्रा की मौत के मामले में ओड़िशा के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया

Ads

बासी खाने से छात्रा की मौत के मामले में ओड़िशा के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 07:46 PM IST

भुवनेश्वर, 25 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक सरकारी स्कूल में बासी खाना खाने से एक छात्रा की मौत और 100 से अधिक बच्चों के बीमार पड़ने के मामले में ओडिशा के मुख्य सचिव और मयूरभंज के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने मयूरभंज जिले के काकाबंध आश्रम स्कूल के छात्रावास में 14 अप्रैल 2026 को बासी खाना खाने से एक छात्रा रूपाली बेसरा (12) की मौत और 100 अन्य छात्रों के बीमार पड़ने के संबंध में मीडिया की खबरों का स्वतः संज्ञान लिया।

इस घटना में जान गंवाने वाली लड़की राज्य सरकार के अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस स्कूल की कक्षा पांच की छात्रा थी।

शनिवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि एनएचआरसी ने कहा है कि यदि मीडिया की खबर की सामग्री सही है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है।

आयोग ने ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव और मयूरभंज के पुलिस अधीक्षक से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है, जिसमें जांच की स्थिति और पीड़ित विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का ब्योरा भी शामिल होना चाहिए।

खबर के अनुसार लगभग 67 विद्यार्थियों की हालत गंभीर थी, जिन्हें बारीपदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 41 अन्य को एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल किया गया।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजस्व मंडल आयुक्त (मध्य प्रभाग) से प्रशासनिक जांच कराने की घोषणा की है और छात्रा के परिवार को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।

स्थानीय प्रशासन ने स्कूल के प्रधानाध्यापक जयंत कुमार को निलंबित कर दिया है।

भाषा

खारी रंजन

रंजन