अगरतला, 17 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राम पाडा जमतिया ने मंगलवार को त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इससे पहले भाजपा विधायक दल ने गोमती जिले के बागमा विधानसभा क्षेत्र से विधायक जमतिया के नाम को अध्यक्ष पद के लिए मंजूरी दी थी।
यह पद दिसंबर 2025 में तत्कालीन अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन के निधन के बाद से खाली है।
भाजपा नीत गठबंधन सरकार की सहयोगी टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने भी जमतिया के समर्थन की घोषणा कर दी है।
राज्य विधानसभा में भाजपा की मुख्य सचेतक कल्याणी रॉय ने सोशल मीडिया पर बताया कि जमतिया ने संसदीय कार्य मंत्री रतन लाल नाथ की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
इस दौरान सहकारिता मंत्री शुक्ला चरण नोतिया और टीएमपी के तीन विधायक भी मौजूद थे।
रॉय ने उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इस महत्वपूर्ण कदम के लिए बधाई दीं।
विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव बुधवार को होना है। 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन के पास 46 विधायक हैं, जबकि विपक्ष के पास केवल 13 विधायक हैं, ऐसे में जमतिया की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
भाषा राखी नरेश
नरेश