पुंछ-राजौरी में बाढ़ के मद्देनजर भाजपा का 20 जुलाई का विरोध-प्रदर्शन स्थगित

Ads

पुंछ-राजौरी में बाढ़ के मद्देनजर भाजपा का 20 जुलाई का विरोध-प्रदर्शन स्थगित

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 06:45 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 06:45 PM IST

श्रीनगर, 19 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पुंछ और राजौरी जिलों में अचानक आई बाढ़ से जानमाल के भारी नुकसान को देखते हुए 20 जुलाई को प्रस्तावित अपना विरोध-प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने रविवार को कहा कि पार्टी ने सोमवार को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को टालने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि लाल चौक के घंटाघर से सिविल सचिवालय तक प्रस्तावित इस प्रदर्शन को इसलिए स्थगित किया गया है, क्योंकि मौजूदा स्थिति राजनीतिक गतिविधियों के बजाय मानवीय सहायता की मांग करती है।

शर्मा ने कहा कि यह राजनीतिक टकराव का समय नहीं है और सभी सियासी दलों को प्रभावित लोगों की मदद के लिए एकजुट होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति बाद में भी हो सकती है। इस समय मानवता सबसे पहले होनी चाहिए और हर राजनीतिक दल को पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए। इस समय विरोध-प्रदर्शन करने से प्रशासन के राहत एवं बचाव कार्यों में भी बाधा आएगी।’’

शर्मा ने कहा कि स्थिति सामान्य होने के बाद पार्टी विरोध-प्रदर्शन की नयी तारीख की घोषणा करेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा की टीमें बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए तुरंत पुंछ और राजौरी रवाना होंगी।

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की है।

शर्मा ने बताया कि पार्टी नेताओं को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने, स्थिति का आकलन करने और केंद्र तथा जम्मू-कश्मीर सरकार को जमीनी हालात से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा प्रचेता पारुल

पारुल