(तस्वीर सहित)
लुधियाना, 22 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को यहां प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री और पद्म भूषण से सम्मानित सरदारा सिंह जोहल से उनके आवास पर मुलाकात की और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों, विशेष रूप से फसल विविधीकरण पर चर्चा की।
नवीन तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। सोमवार उनके दौरे का अंतिम दिन है।
नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पंजाब यात्रा के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री जोहल से उनके आवास पर मुलाकात की।
उन्होंने लिखा, ‘‘डॉ. सरदारा सिंह जोहल देश के प्रमुख कृषि अर्थशास्त्रियों में से एक हैं। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति और कृषि लागत एवं मूल्य आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने फसल विविधीकरण और कृषि सुधारों के माध्यम से देश की कृषि नीति को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’
नवीन ने कहा कि उन्होंने जोहल के साथ पंजाब की कृषि व्यवस्था, किसानों से जुड़े मुद्दों, फसल विविधीकरण और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास पर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान भाजपा अध्यक्ष के साथ भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और राज्य महासचिव अनिल सरीन भी मौजूद थे।
नवीन ने इसे पंजाब के विद्वत जनों को जोड़ने के लिए भाजपा के संपर्क अभियान का हिस्सा बताया। उन्होंने डॉ जोहल को भाजपा नीत केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर एक पुस्तिका भेंट की।
इस मुलाकात के बाद जोहल ने आगाह किया कि बढ़ता कर्ज और सब्सिडी पर अधिक निर्भरता राज्य के आर्थिक आधार को कमजोर कर रही है।
उन्होंने सभी दलों से मुफ्त राशन, बिजली जैसी नीतियों को वापस लेने और उद्योगों, नौकरियों तथा आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
भाजपा अध्यक्ष ने अपना पंजाब दौरा 20 जून को अमृतसर से शुरू किया था। वह जालंधर और लुधियाना भी गए।
रविवार को उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला करते हुए इसे पंजाब के लिए ‘अभिशाप’ बताया और राज्य की जनता से 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को सत्ता से बाहर करने की अपील की।
नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि वे हर घर तक मोदी सरकार के कार्यों को पहुंचाएं। उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा ही पंजाब को विकास के रास्ते पर ले जा सकती है।
भाषा वैभव नरेश
नरेश