भाजपा अध्यक्ष नवीन 25 सितंबर को जयपुर का दौरा करेंगे

Ads

भाजपा अध्यक्ष नवीन 25 सितंबर को जयपुर का दौरा करेंगे

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 08:59 PM IST

जयपुर, 23 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर आएंगे और हालिया नगर निकाय चुनाव में नवनिर्वाचित पार्षदों के अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। पार्टी के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि नवीन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा चलाये जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 सितंबर की सुबह अल्बर्ट हॉल में आयोजित स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि बगरू के गांव दादिया में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कार्यक्रम होगा जिसे नवीन संबोधित करेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि नवीन दादिया से ही भाजपा के पंचायत चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे व 90 प्रचार रथों को रवाना करेंगे।

इसके बाद नवीन दोपहर में बिरला ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक