नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आईआईटी सहित देश के शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (एडवांस)-2026 या जेईई में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले शुभम कुमार को सोमवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुमार की यह उपलब्धि बिहार सहित देश के लाखों विद्यार्थियों को प्रेरणा देगी।
बिहार के गयाजी के निवासी और आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम ने अत्यधिक प्रतिस्पर्धी,जेईई की सामान्य रैंक सूची (सीआरएल) में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने परीक्षा में 360 में से 330 अंक प्राप्त किए हैं।
जेईई-एडवांस के नतीजे सोमवार को घोषित किये गए।
मूल रूप से पटना के रहने वाले और संसद के उच्च सदन में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ गयाजी के प्रतिभावान छात्र शुभम कुमार ने देश की प्रतिष्ठित ‘जेईई-एडवांस 2026’ की परीक्षा में 330 अंक प्राप्त कर पूरे भारत में प्रथम स्थान हासिल किया है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ उनकी यह सफलता बिहार सहित पूरे देश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी। शुभम कुमार को इस स्वर्णिम सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत मंगलकामनाएं!’’
शुभम के पिता शिव कुमार गयाजी में हार्डवेयर का कारोबार करते हैं, जबकि उनकी मां कंचन देवी गृहिणी हैं।
शुभम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मैं दो साल से प्रवेश परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था, इसलिए अच्छे अंक की उम्मीद करना स्वाभाविक था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हर चुनौती को प्रेरणा में बदल दिया। मेरा पूरा ध्यान अपने लक्ष्य पर केंद्रित था। अब मैं आईआईटी-बंबई से कंप्यूटर विज्ञान में बीटेक करना चाहता हूं।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप