भर्ती परीक्षाओं में ‘‘अनियमितताओं’’ को लेकर झारखंड विधानसभा परिसर में भाजपा का प्रदर्शन

Ads

भर्ती परीक्षाओं में ‘‘अनियमितताओं’’ को लेकर झारखंड विधानसभा परिसर में भाजपा का प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 12:32 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 12:32 PM IST

रांची, सात अगस्त (भाषा) झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले विपक्ष ने राज्य की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया।

इस मामले पर सदन में विपक्ष के हंगामे के बीच झारखंड विधानसभा की कार्यवाही दोपहर साढ़े 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

झारखंड विधानसभा में भाजपा के बाबूलाल मरांडी ने भर्ती परीक्षाओं में ‘अनियमितताओं’ की अदालत की निगरानी वाली समिति के तहत सीबीआई जांच की मांग की।

विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर में हाथों में तख्तियां लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने ‘‘छात्रों का भविष्य बेचना बंद करो’’ और ‘‘झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में अनियमितताओं की सीबीआई जांच की सिफारिश करो’’ जैसे नारे लगाए।

भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि भर्ती परीक्षा में कथित घोटाले की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) से जांच ‘‘मामले पर पर्दा डालने’’ के लिए शुरू की गई है।

जायसवाल ने कहा, ‘‘यह महज दिखावा है। युवाओं को सीआईडी जांच पर भरोसा नहीं है। प्रदर्शनकारियों को तभी न्याय मिलेगा, जब अनियमितताओं के आरोपों की सीबीआई जांच करेगी।’’

सीआईडी ने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच के बैनर तले यहां जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 25 जुलाई को शुरू हुआ यह प्रदर्शन हाल के वर्षों में राज्य में छात्रों के नेतृत्व वाले सबसे बड़े आंदोलनों में से एक बन गया है।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन शुक्रवार को 14वें दिन भी जारी रहा और छह प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं। इस बीच, दो छात्र संगठनों ने दिन में राज्य विधानसभा तक मार्च निकालने की घोषणा की, जहां विधानसभा सत्र चल रहा है।

प्रदर्शनकारी 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा रद्द किए जाने और भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय न्यायाधीशों के एक पैनल से स्वतंत्र जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

वे झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में व्यापक सुधार की मांग भी कर रहे हैं।

जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पास प्रदर्शनकारियों से फोन पर बात करने का समय है, लेकिन वह ‘‘विमान से डेढ़ घंटे का सफर कर रांची के प्रदर्शन स्थल तक आने के लिए समय नहीं निकाल सकते।’’

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन