कोलकाता, 17 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में भाजपा समर्थकों ने टीएमसी की एक महिला कार्यकर्ता के साथ उसकी दो वर्षीय बेटी की मौजूदगी में दुर्व्यवहार किया।
उन्होंने इस “घृणित हमले” में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप की मांग की। बनर्जी ने कहा कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन प्राथमिकी में नामजद सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सबांग में टीएमसी की महिला कार्यकर्ता साठी गोराई कुइला के साथ हुई इस घटना में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कुछ ऐसे कार्यकर्ता भी शामिल हैं जो बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।
बनर्जी ने कहा, “मैं वादा करता हूं कि चार मई के बाद-यानी मतगणना के दिन जो लोग इस घटना के पीछे हैं और जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है, उन्हें हम साठी के घर ले जाकर उनसे माफी मंगवाएंगे।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणियों पर उन्हें चुनौती देते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं शाह को चुनौती देता हूं कि वे मतगणना के दिन कोलकाता में रुकें और टीएमसी की जीत के बाद जनता की भारी प्रतिक्रिया देखें।’’
अमित शाह ने एक बयान में कहा था कि टीएमसी के जिन कार्यकर्ताओं पर भाजपा समर्थकों पर हमले का आरोप है, उन्हें मतदान और मतगणना के दिनों में घर के अंदर ही रहना चाहिए।
अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘‘ मैं अपनी पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी की तरह केवल औपचारिकता में विश्वास नहीं करता। चार मई को हमारी जीत के जश्न में रवींद्र संगीत और डीजे संगीत दोनों का मिश्रण होगा।’’
उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने 2019 में समाज सुधारक ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ी थी, वही लोग अब मछली लेकर घूम रहे हैं ताकि राज्य, उसकी संस्कृति और खानपान के प्रति अपना झूठा प्रेम दिखा सकें।”
बनर्जी ने कहा, “ चार मई के बाद भाजपा नेता, जिन्होंने हमारे खानपान पर पाबंदी लगाने, मछली-मांस की बिक्री रोकने की धमकी दी और हमारे महान नायकों का अपमान किया, उन्हें बाजारों में अन्य विक्रेताओं के साथ उसी जगह मछली और मांस बेचने के लिए मजबूर किया जाएगा।”
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश अविनाश
अविनाश