नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का सोमवार को समर्थन किया और इसे महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।
भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों से ऊपर वोट-बैंक की राजनीति को रखने का आरोप लगाया।
ये टिप्पणियां पश्चिम बंगाल विधानसभा में यूसीसी विधेयक पेश करने के संबंध में भाजपा सरकार के फैसले के बीच आई हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को घोषणा की कि समान नागरिक संहिता विधेयक का मसौदा दो जुलाई को राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि यूसीसी संविधान का हिस्सा है तथा जहां भी भाजपा-राजग सत्ता में आती है, वह इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ती है।
उन्होंने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘यूसीसी महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति भाजपा और (केंद्र की नरेन्द्र) मोदी सरकार की प्रतिबद्धता रही है। इसलिए, जहां भी भाजपा-राजग सत्ता में आ रही है, वह इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।’’
महिलाओं के सशक्तीकरण से अधिक वोट-बैंक की राजनीति को प्राथमिकता देने का कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए पूनावाला ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने राजनीतिक फायदों के लिए हमेशा ही महिलाओं के अधिकारों की बलि दी है।
पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस अब अपने वोट बैंक की खातिर यूसीसी का विरोध कर रही है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश