बंगाल में भाजपा ‘दुर्गा स्क्वाड’ बनाएगी, सातवां वेतन आयोग लागू करेगी : राजनाथ
बंगाल में भाजपा ‘दुर्गा स्क्वाड’ बनाएगी, सातवां वेतन आयोग लागू करेगी : राजनाथ
सैंथिया (पश्चिम बंगाल), 20 अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को तृणमलू कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल को “अराजकता के दौर” में धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने वादा किया कि अगर बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है, तो महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘दुर्गा स्क्वाड’ का गठन किया जाएगा और राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।
राजनाथ ने बीरभूम जिले के सैंथिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल पर बंगाल में भय, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल कायम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि असुरक्षा और सरकारी समर्थन की कमी के कारण उद्योग और निवेशक राज्य छोड़कर जा रहे हैं।
राजनाथ ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पूछा कि देश के अन्य हिस्सों में विकास के बावजूद उनका राज्य क्यों पिछड़ रहा है।
राजनाथ ने कहा, “तृणमूल सरकार के तहत भ्रष्टाचार बढ़ा है, भूमि माफिया बढ़े हैं और भाई-भतीजावाद बढ़ा है।” उन्होंने कहा कि अगर भाजपा राज्य में सरकार बनाती है, तो “गुंडे और अपराधी” या तो जेल में होंगे या “अपने घरों में छिपते फिरेंगे।”
रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि जहां अन्य राज्यों में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है, वहीं “गुंडों और अपराधियों” की मौजूदगी तथा राज्य सरकार से सुरक्षा के अभाव के कारण निवेशक बंगाल आने से हिचकिचा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि तृणमूल के शासन में बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति में तेजी से गिरावट आई है और राज्य में महिलाएं अब सुरक्षित महसूस नहीं करतीं।
राजनाथ ने ममता के “बांग्ला निजेर मेयेकेई चाय” का जिक्र करते हुए कहा, “आज बंगाल की माताएं, बहनें और बेटियां भी सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। हत्या, लूटपाट और अन्य अपराध खुलेआम हो रहे हैं।”
उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटने के लिए “दुर्गा स्क्वाड” का गठन करेगी।
राजनाथ ने कहा, “महिलाओं पर अत्याचार के लिए हम ‘दुर्गा स्क्वाड’ बनाएंगे। महिलाओं को परेशान करने वाले किसी भी व्यक्ति को कड़ी सजा दी जाएगी।”
उन्होंने दावा किया कि राज्य में “भय का माहौल” है और लोग भाजपा के लिए खुले तौर पर समर्थन व्यक्त करने से डरते हैं।
राजनाथ ने कहा कि राजनीति “न्याय और मानवता” पर आधारित होनी चाहिए, न कि धर्म या जाति पर।
उन्होंने बेरोजगारी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि बंगाली युवा काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं।
राजनाथ ने बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का वादा करते हुए कहा कि भाजपा राज्य में पांच साल में पांच लाख नौकरियां उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने राज्य सरकार के कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि भाजपा सत्ता संभालने के डेढ़ महीने के भीतर सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करेगी।
बांग्लादेश से घुसपैठ के मुद्दे का जिक्र करते हुए राजनाथ ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाने के काम में देरी की है।
उन्होंने दावा किया, “जब मैं केंद्रीय गृह मंत्री था, तब मैंने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन की मांग की थी। राज्य सरकार ने जमीन उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन लंबे समय तक ऐसा नहीं किया। अंततः अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ा और तभी जमीन उपलब्ध कराई गई।”
राजनाथ ने कहा कि भाजपा घुसपैठ रोकने के लिए कड़े कदम उठाएगी और सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी पूरा करेगी।
उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, किसानों को उपज की लाभकारी कीमत सुनिश्चित करने, आयुष्मान भारत योजना को लागू करने और बंगाल को मछली उत्पादन में नंबर एक राज्य बनाने का भी वादा किया।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत

Facebook


