भाजपा बंगाल में कॉजपा की आवाज दबाने की कोशिश कर रही : आशुतोष रांका

Ads

भाजपा बंगाल में कॉजपा की आवाज दबाने की कोशिश कर रही : आशुतोष रांका

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 09:14 PM IST

कोलकाता, 18 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता आशुतोष राणा ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर कॉजपा की आवाज दबाने के लिए उसके कार्यकर्ताओं को ‘‘डराने-धमकाने’’ का आरोप लगाया।

रांका ने यह भी आरोप लगाया कि बांकुड़ा जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हुए कथित नृशंस जानलेवा हमले में संलिप्त लोगों के खिलाफ सरकार ‘कोई कार्रवाई नहीं कर रही है’’। उन्होंने कहा कि यह हमला इसलिए हुआ था क्योंकि उस व्यक्ति का बेटा कॉजपा से जुड़ा हुआ था।

कॉजपा के सह-संयोजक रांका ने यहां संवाददाताओं को बताया कि मृतक के परिवार द्वारा प्राथमिकी में आरोपियों को नामजद किये जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने सभी लोगों को अब तक गिरफ़्तार नहीं किया है।

रांका ने कोलकाता प्रेस क्लब के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ हमने बांकुड़ा के उस युवक और उसकी मां से उनके घर पर जाकार मुलाकात की है और लोगों से चंदा एकत्र कर परिवार की मदद कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपने इलाके के स्कूल में सुधार लाने की कोशिश करने वाले एक युवक पर हमला हुआ और उसके पिता पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेरहमी से हमला किया। कहा जा रहा है कि उनके पास आग्नेयास्त्र, चाकू और सब्बल जैसे हथियार थे। हम चाहते हैं कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट हमें उपलब्ध कराई जाए।’

रांका ने कहा, ‘‘वह ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत केवल स्थानीय प्राथमिक स्कूल की अवसंरचना को बेहतर बनाना चाहते थे।’’

उन्होंने भाजपा पर आयोजकों को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘आज शहर के बहूबाज़ार में स्थानीय भाजपा विधायक ने इंडियन एसोसिएशन के अधिकारियों पर दबाव डाला कि वे कॉजपा को बैठक न करने दें, वहीं प्रेस क्लब कोलकाता ने भी तकनीकी समस्या का हवाला दिया। हमें समझ नहीं आ रहा कि क्या हुआ। हमें इस तरह डराया-धमकाया नहीं जा सकता।’’

रांका ने कहा, ‘‘भाजपा बंगाल में कॉजपा की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली हर राजनीतिक पार्टी को हमारे ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का समर्थन करना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था की शुचिता को बहाल करना चाहिए।

रांका ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘अगर 10 दिनों के भीतर गिरफ्तारियां नहीं की गई, तो कॉजपा आंदोलन को और तेज करेगी, बांकुड़ा के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी और उनके दफ्तर का घेराव करेगी।’’

उन्होंने कहा कि कॉजपा पश्चिम बंगाल पर ध्यान केंद्रित करेगी, जहां से सैकड़ों युवाओं ने जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन में हिस्सा लिया था।

रांका ने कहा, ‘‘हम सत्तारूढ़ पार्टी को खुद में सुधार करने और बातचीत करने का सुझाव देते हैं, वरना हम एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।’’

एक और सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘हमने हाल ही में रांची में छात्रों के आंदोलन को पूरा समर्थन दिया और पुलिस लाठीचार्ज का विरोध जारी रखा है।’’

भाषा धीरज सुभाष

सुभाष