भाजपा यूसीसी लागू करेगी, बंगाल में बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी : मोदी

Ads

भाजपा यूसीसी लागू करेगी, बंगाल में बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी : मोदी

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 05:52 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 05:52 PM IST

(फोटो के साथ)

जंगीपुर (प. बंगाल), 11 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करने के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का शनिवार को वादा किया। उन्होंने साथ ही कहा कि भाजपा बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी।

मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए, मोदी ने आगामी विधानसभा चुनावों को पश्चिम बंगाल की पहचान और भविष्य की रक्षा की लड़ाई के रूप में पेश किया, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और ‘‘घुसपैठियों के समर्थन’’ का आरोप लगाया।

मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के एक दिन बाद कहा, ‘‘देश की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। भाजपा का संकल्प है कि पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए समाप्त करने के वास्ते यूसीसी लागू किया जाये।’’

राज्य के कई हिस्सों में तेजी से हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का दावा करते हुए, मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने अपना पुराना नारा ‘मां-माटी-मानुष’ त्याग दिया है और अब सत्ता बरकरार रखने के लिए घुसपैठियों और वोट बैंक की राजनीति पर निर्भर है।

उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस ‘मां-माटी-मानुष’ का नारा लगाकर सत्ता में आई थी। लेकिन अब वह घुसपैठियों के मतों से सरकार बनाना चाहती है। पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगा। हम बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव पश्चिम बंगाल की पहचान को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल ने अपना मन बना लिया है: अपनी पहचान और भविष्य के लिए, वह बदलाव लाएगा।’’

मोदी ने कहा, “बंगाल का इतिहास गवाह है कि जब वह बदलाव का संकल्प लेता है, तो दुनिया की कोई भी ताकत उसे रोक नहीं सकती। जिसने भी बंगाल को चुनौती दी, उसका अहंकार चकनाचूर हो गया, अंग्रेजों से लेकर कांग्रेस और वामपंथियों तक… अब तृणमूल कांग्रेस की बारी है।”

मोदी ने इस वर्ष पश्चिम बंगाल में राम नवमी के मौके पर आयोजित शोभा यात्राओं के दौरान हुई हिंसा का भी जिक्र किया और इसकी तुलना देश के बाकी हिस्सों में मनाए गए उत्सव से की।

उन्होंने कहा, ‘‘पूरे भारत में राम नवमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया, लेकिन पश्चिम बंगाल में राम नवमी की शोभा यात्राओं पर हमले हुए और तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में हिंसा हुई।’’

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार को भांपते हुए तृणमूल कांग्रेस साजिश रच रही है और एआई से तैयार वीडियो फैला रही है। उन्होंने लोगों से इस जाल में न फंसने का आग्रह किया।

ममता बनर्जी सरकार पर अपना हमला तेज करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद तृणमूल कांग्रेस वाममोर्चा की ‘‘कार्बन कॉपी’’ बन गई है।

मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘हथियार, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, रिश्वतखोरी और कमीशन – तृणमूल कांग्रेस ने हर चीज का ठेका ले रखा है।’’

भ्रष्टाचार में कथित रूप से शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए मोदी ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जनता के अधिकारों का हनन करने वालों के लिए कोई लाल कालीन नहीं बिछाया जाएगा; उनके लिए जेल के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।’’

आरजी कर अस्पताल बलात्कार और हत्या मामले का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि लोग यह नहीं भूले हैं कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने कथित तौर पर आरोपियों का साथ कैसे दिया था।

अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार और ‘‘सिंडिकेट राज’’ के कारण अन्य राज्यों से पीछे रह गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हर राज्य अपनी जीडीपी और अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में लगा हुआ है, लेकिन देश की जीडीपी में पश्चिम बंगाल की हिस्सेदारी तेजी से घट रही है। पश्चिम बंगाल पर आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है।’’

मोदी ने दावा किया कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के तहत 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है, जबकि पश्चिम बंगाल में निवेश और उद्योगों के राज्य से बाहर जाने के कारण लोगों को संकट में डाल दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार और ‘सिंडिकेट राज’ के कारण हजारों कंपनियां पश्चिम बंगाल छोड़कर चली गई हैं। राज्य में कोई नया उद्योग नहीं आ रहा है। हजारों नौकरियां चली गई हैं और युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार की उपेक्षा के कारण मुर्शिदाबाद के रेशम किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप