गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली: मुख्यमंत्री पटेल

Ads

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली: मुख्यमंत्री पटेल

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:38 PM IST

गांधीनगर, 28 अप्रैल (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ी जीत हासिल की है और परिणाम संकेत दे रहे हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी सूपड़ा साफ करने की ओर बढ़ रही है।

पटेल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैं गुजरात की जनता का आभारी हूं कि उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासोन्मुखी राजनीति का समर्थन किया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ी जीत दिलाई।’

नगर निगमों, नगरपालिकाओं, जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों के चुनावों के लिए सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू होने के बाद से अब तक उपलब्ध परिणामों के अनुसार, भाजपा ने 9,900 से अधिक सीट में से 6,472 सीट जीती हैं, जबकि कांग्रेस ने 1,412 सीट हासिल की हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) और एआईएमआईएम समेत निर्दलीय और अन्य पार्टियों ने 597 सीट जीती हैं।

पटेल ने कहा कि गुजरात की जनता किसी भी नकारात्मक भूमिका या नकारात्मक कदम को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोहराया कि जनादेश भाजपा के विकासोन्मुखी शासन को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा समेत भाजपा नेताओं ने आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है।” उन्होंने यह भी कहा कि “सहयोग और जवाबदेही की यह भावना” जारी रहेगी।

इस संवाददाता सम्मेलन में संघवी, विश्वकर्मा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

संघवी ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे सामने आने के साथ ही यह अधिक सीट हासिल करने वाली भाजपा और गुजरात की जनता के लिए ऐतिहासिक जीत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सभी नगर निगमों, लगभग सभी नगरपालिकाओं और हर तालुका पंचायत में जीत हासिल की है, और केवल एक जिला पंचायत में हार का सामना करना पड़ा।

संघवी ने कहा, ”समुदायों को भड़काने और विभाजन पैदा करने की बार-बार कोशिशें की गईं, लेकिन वे सभी नाकाम रहीं और भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की।”

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश