केजरीवाल के राजघाट दौरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

केजरीवाल के राजघाट दौरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

केजरीवाल के राजघाट दौरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
Modified Date: June 2, 2024 / 05:13 pm IST
Published Date: June 2, 2024 5:13 pm IST

(तस्वीर के साथ)

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा सहित कई कार्यकर्ताओं को रविवार को हिरासत में ले लिया, जो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के तिहाड़ जेल में निर्धारित आत्मसमर्पण से पहले राजघाट दौरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ प्रदर्शनकारियों को राजघाट क्षेत्र से हटाया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ प्रदर्शनकारियों को राजघाट क्षेत्र से हटाया गया और उन्हें कमला मार्केट पुलिस थाने ले जाया गया।’’

भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने बताया कि सचदेवा समेत भाजपा के करीब 100 कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने में हिरासत में रखा गया है। केजरीवाल के राजघाट दौरे पर निशाना साधते हुए सचदेवा ने कहा, ‘‘शराब घोटाले में जेल में बंद एक व्यक्ति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट जा रहा है।’’

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री दिल्ली के लोगों को पानी की उचित सुविधा भी नहीं दे सके और हर कोई जानता है कि वह एक चोर हैं।’’

केजरीवाल ने रविवार को राजघाट जाने के बाद कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।

केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए दिल्ली की कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा दी गई अंतरिम जमानत पर 10 मई को जेल से रिहा किया गया था। जमानत की अवधि एक जून को समाप्त हो गई, जिस दिन आम चुनाव का सातवां और अंतिम चरण था।

भाषा अमित धीरज

धीरज


लेखक के बारे में