‘एआई समिट’ में हुए विरोध को लेकर भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी से माफी की मांग

Ads

‘एआई समिट’ में हुए विरोध को लेकर भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी से माफी की मांग

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 02:53 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 02:53 PM IST

जम्मू, 21 फरवरी (भाषा) जम्मू में भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों ने शनिवार को एक दिन पहले नयी दिल्ली में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा ‘‘कमीज उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन’’ के खिलाफ प्रदर्शन किया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष अरुण प्रभात के नेतृत्व में, कई प्रदर्शनकारी काची छावनी चौक पर एकत्र हुए और उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला जलाया और देश की ‘‘गरिमा और प्रतिष्ठा’’ को कथित रूप से ठेस पहुंचाने के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की।

शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के प्रदर्शनी हॉल में नाटकीय ढंग से ‘कमीज उतारकर विरोध प्रदर्शन’ किया। उन्होंने सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपी टी-शर्टें पकड़ी हुई थीं, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया।

इस घटना के बाद युवा कांग्रेस के चार नेताओं को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया।

प्रभात ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्व भर के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति वाले ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ को बाधित करने का प्रयास किया, जिससे देश के 140 करोड़ लोगों के ‘‘सम्मान, गरिमा और प्रतिष्ठा’’ को ठेस पहुंची।

उन्होंने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बार-बार देश का अपमान करने का आरोप लगाया और दावा किया कि कांग्रेस नेता ने पाकिस्तान और चीन के प्रति सहानुभूति दिखाई।

प्रभात ने कहा, ‘‘ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं। राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।’’

भाजपा के विरोध प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।

भाषा तान्या शफीक

शफीक