त्रिशूर विधानसभा सीट से भाजपा की पद्मजा वेणुगोपाल को तीसरी बार निराशा हाथ लगी

Ads

त्रिशूर विधानसभा सीट से भाजपा की पद्मजा वेणुगोपाल को तीसरी बार निराशा हाथ लगी

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 03:53 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 03:53 PM IST

त्रिशूर (केरल), चार मई (भाषा) केरल की सांस्कृतिक राजधानी त्रिशूर में अपने परिवार के लंबे राजनीतिक इतिहास और पिछले कुछ वर्षों में भाजपा के मतप्रतिशत में वृद्धि के बावजूद, के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल की त्रिशूर विधानसभा सीट से जीतने की उम्मीदें सोमवार को तीसरी बार टूट गईं।

नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना सोमवार को हुई और निर्वाचन आयोग के अनुसार 16 दौर की मतगणना के बाद वेणुगोपाल को 28,662 वोट मिले तथा वह तीसरे स्थान पर रहीं।

यूडीएफ के राजन जे. पल्लन 60,290 मतों के साथ विजयी रहे, जबकि भाकपा के अलंकोड लीलाकृष्णन (33,487 मत) को दूसरा स्थान मिला।

वेणुगोपाल को खुद और भाजपा को भी इस बार जीत का पूरा भरोसा था, क्योंकि 2021 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में वह मात्र 900 मतों से हार गई थीं। वर्ष 2016 में भी वह इसी सीट से लगभग 7,000 मतों से हारी थीं। दोनों ही बार भाकपा ने जीत हासिल की थी।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस बार वह 31,628 मतों के अंतर से हार गईं।

वेणुगोपाल ने पूर्व में कहा था, ‘‘मुझे त्रिशूर से जीतने का पूरा भरोसा है। मुझे यहां की जनता पर इसलिए भी विश्वास है, क्योंकि भाजपा हमेशा पार्टी की जीत को लेकर सजग रहती है, न कि इस बात को लेकर कि कौन चुनाव लड़ रहा है। इसलिए, पार्टी अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत करेगी। यह मेरे लिए बहुत बड़ी राहत की बात है।’’

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश