चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर विस्फोट: पाक आईएसआई समर्थित गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

Ads

चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर विस्फोट: पाक आईएसआई समर्थित गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 12:02 AM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 12:02 AM IST

चंडीगढ़, चार अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित एक मॉड्यूल से जुड़े पांच लोगों को चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पंजाब पुलिस की ‘काउंटर-इंटेलिजेंस’ शाखा ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले के मामले को सुलझा लिया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से एक हथगोला, .30 बोर की एक जिगाना पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान एसबीएस नगर के गांव मजारी के बलविंदर लाल उर्फ ​​शमी, एसबीएस नगर के गांव भारापुर के जसवीर सिंह उर्फ ​​जस्सी, एसबीएस नगर के गांव सुजावलपुर के चरणजीत सिंह उर्फ ​​चन्नी, शिमला के गांव थाना के रूबल चौहान और संगरूर के धूरी के मनदीप उर्फ ​​अभिजोत शर्मा के रूप में हुई है।

डीजीपी यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस गिरोह को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस’ का समर्थन प्राप्त था और यह पुर्तगाल और जर्मनी में स्थित विदेशी आकाओं के निर्देशों पर काम कर रहा था। आरोपी इस हमले को अंजाम देने के लिए कई गुर्गों को शामिल करने वाले एक सुनियोजित नेटवर्क का हिस्सा थे।

इसके अलावा डीजीपी ने कहा कि हमले में शामिल दो प्रमुख अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है और जारी जांच का उद्देश्य इस मामले में पूर्व और बाद की कड़ियों को जोड़ना है।

थाना राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) एसएएस नगर में शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे कार्यालय के पास एक संदिग्ध देसी विस्फोटक उपकरण फेंके जाने के बाद विस्फोट हुआ। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।

भाजपा की पंजाब इकाई का मुख्यालय चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में स्थित है।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत