बल्लेबाजों से अधिक एकजुट प्रदर्शन चाहते हैं गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन

Ads

बल्लेबाजों से अधिक एकजुट प्रदर्शन चाहते हैं गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 11:58 AM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 11:58 AM IST

अहमदाबाद, पांच अप्रैल (भाषा) गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन चाहते हैं कि इंडियन प्रीमियर लीग में टीम की लगातार दूसरी हार के बाद उनके बल्लेबाज और अधिक एकजुट होकर खेलें।

अपने शीर्ष क्रम पर बहुत अधिक निर्भर गुजरात टाइटन्स की टीम शनिवार रात अपने घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 211 रन के लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही जबकि 11वें ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर 107 रन था।

साई सुदर्शन (44 गेंद में 73 रन) और कुमार कुशाग्र (14 गेंद में 18 रन) के बीच पहले विकेट की 78 रन की साझेदारी ने टीम को अच्छा मंच दिया लेकिन बीच में विकेट गिरने से टीम का स्कोर सात विकेट पर 161 रन हो गया।

हेडन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘वाशी (वाशिंगटन) सुंदर अगर बिश्नोई जैसे किसी गेंदबाज के खिलाफ आक्रामण करने जा रहे थे जो अच्छी लय में थे तो उस समय उन्हें एक बहुत बड़ा फैसला लेना था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शायद यह एक ऐसा विकल्प था जिस पर वह सोच सकते थे और लक्ष्य का पीछा करते हुए थोड़ा और एकजुट रहने की कोशिश कर सकते थे क्योंकि यह कहना होगा कि शुरुआती 12 ओवर में अधिक कुछ गलत नहीं हुआ था।’’

रवि बिश्नोई के हाथों वाशिंगटन के आउट होने के बाद शाहरुख खान का रन आउट भी गुजरात टाइटन्स को बहुत महंगा पड़ा।

हेडन ने कहा, ‘‘रन आउट (शाहरुख खान का) होना। फिर से शाहरुख और राशिद को उस समय यह फैसला लेना था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बाहर से देखने पर पक्का लगा कि जड्डू (रविंद्र जडेजा एक्स्ट्रा कवर बाउंड्री पर) से लगने के बाद गेंद काफी दूर गई और जैसा कि हम जानते हैं कि वह बहुत तेज है और गेंद को पकड़ने और फिर फेंकने में बहुत अच्छा है।’’

हेडन ने कहा, ‘‘लेकिन लगातार दो विकेट गंवाने से फर्क पड़ता है। फिर से हम छह रन की बात कर रहे हैं। इसलिए टी20 क्रिकेट में जब आप एक बड़े स्कोर का पीछा कर रहे होते हैं तो वे छोटी-छोटी चीजें बल्लेबाजों के फैसले लेने की प्रक्रिया में बहुत जरूरी होती हैं।’’

सत्र की अपनी पहली जीत की तलाश में जुटी गुजरात टाइटन्स की टीम बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स से उसके मैदान पर भिड़ेगी।

भाषा सुधीर

सुधीर