ईरान युद्ध लंबा खिंचा तो यूक्रेन को अमेरिकी समर्थन घटेगा : जेलेंस्की

Ads

ईरान युद्ध लंबा खिंचा तो यूक्रेन को अमेरिकी समर्थन घटेगा : जेलेंस्की

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 11:56 AM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 11:56 AM IST

इस्तांबुल, पांच अप्रैल (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने चिंता जतायी कि अगर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध लंबा खिंचता है, तो इससे यूक्रेन के प्रति अमेरिका का समर्थन और कम हो सकता है, क्योंकि वाशिंगटन की वैश्विक प्राथमिकताएं बदल रही हैं और कीव को बेहद जरूरी पैट्रियट वायु रक्षा मिसाइलों की आपूर्ति घटने की आशंका है।

जेलेंस्की ने शनिवार देर रात इस्तांबुल में एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि यूक्रेन को रूस के रोजाना हमलों का मुकाबला करने के लिए अमेरिका निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली की सख्त जरूरत है।

चार साल से अधिक समय पहले शुरू हुए रूस के आक्रमण के बाद से शहरी इलाकों पर लगातार हमलों में हजारों नागरिक मारे गए हैं। रूस ने यूक्रेन की ऊर्जा आपूर्ति को भी निशाना बनाया है, ताकि वहां ड्रोन और मिसाइलों के उत्पादन को बाधित किया जा सके और सर्दियों में लोगों को बिजली व पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जा सके।

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘हमें यह स्वीकार करना होगा कि इस समय हम प्राथमिकता नहीं हैं। इसी वजह से मुझे डर है कि यदि (ईरान) युद्ध लंबा चला, तो हमें और कम समर्थन मिलेगा।’’

एपी गोला सुरभि

सुरभि