बेंगलुरु में ‘वायु वज्र’ बस से टकराई बीएमटीसी बस, कई यात्री घायल

बेंगलुरु में ‘वायु वज्र’ बस से टकराई बीएमटीसी बस, कई यात्री घायल

बेंगलुरु में ‘वायु वज्र’ बस से टकराई बीएमटीसी बस, कई यात्री घायल
Modified Date: July 4, 2026 / 11:48 am IST
Published Date: July 4, 2026 11:48 am IST

बेंगलुरु, चार जुलाई (भाषा) बेंगलुरु के केआर सर्किल में शनिवार सुबह बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) की एक बस ‘वायु वज्र’ बस से पीछे से टकरा गई, जिससे कई यात्री घायल हो गए जबकि बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब आठ बजे उस समय हुई जब बीएमटीसी की वातानुकूलित बस वायु वज्र ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी थी।

उसने बताया कि इसी दौरान पीछे से आ रही बीएमटीसी की दूसरी बस खड़ी बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टकराने वाली बस का आगे का हिस्सा और वायु वज्र बस का पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय बस में लगभग 20 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि पीछे से टक्कर मारने वाली बस के चालक के सिर में गंभीर चोट लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक महिला यात्री घायल हो गई थी और बस के अंदर फंस गई थी, उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मियों ने बचाव अभियान संचालित किया।

पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के कारण केआर सर्किल इलाके में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।

वायु वज्र बस के परिचालक ने बताया कि उनकी बस ट्रैफिक सिग्नल पर 20 से 30 सेकंड से खड़ी थी, तभी पीछे से दूसरी बस ने आकर टक्कर मार दी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी बस सिग्नल पर रुकी हुई थी। हमें पता नहीं चला कि पीछे से दूसरी बस कैसे आकर टकरा गई। बस करीब 20 से 30 सेकंड से सिग्नल पर खड़ी थी। चालक घायल हो गया और कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया।’’

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।

भाषा शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में