यूक्रेन अपतटीय क्षेत्र में जहाज़ पर हमले में मारे गए केरलम के युवक का शव घर लाया गया
यूक्रेन अपतटीय क्षेत्र में जहाज़ पर हमले में मारे गए केरलम के युवक का शव घर लाया गया
कासरगोड (केरलम), 24 अगस्त (भाषा) यूक्रेन अपतटीय क्षेत्र में एक जहाज पर हुए हमले में मारे गए केरलम के 26-वर्षीय युवक का शव सोमवार को कासरगोड जिला स्थित उसके पैतृक स्थान लाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के करीबी लोगों ने यह जानकारी दी।
रिश्तेदारों ने बताया कि मृतक अखिल जोयन अपने माता-पिता जोयन और सैली के इकलौते बेटे थे।
उनके अनुसार, शव आज सुबह विमान से बेंगलुरु लाया गया और बाद में सड़क मार्ग से पैतृक स्थान वेल्लारिक्कुंडु पहुंचाया गया, जहां प्रार्थना सभा आयोजित की गयी।
इसके बाद, अंतिम दर्शन के लिए इसे वेल्लारिक्कुंडु स्थित लिटिल फ्लॉवर फोरान चर्च ले जाया गया।
रिश्तेदारों ने बताया कि अंतिम संस्कार शाम करीब पांच बजे चर्च के कब्रिस्तान में किया गया।
विदेशी मीडिया की खबरों के मुताबिक, यूक्रेन के समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण ने बताया कि 19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह से निकलने के कुछ ही देर बाद, पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाला पोत रूसी सेना के हमले की चपेट में आ गया। इस हमले में चालक दल के 10 सदस्य मारे गए, जिनमें पांच सीरियाई नाविक भी शामिल थे।
रिश्तेदारों ने बताया कि मरीन इंजीनियरिंग स्नातक जोयन पिछले चार साल से व्यापारिक जहाजों पर काम कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जोयन की सगाई तब हुई थी जब वह दो महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे, और उनकी शादी अगले साल अप्रैल में होनी थी।
भाषा नेत्रपाल सुरेश
सुरेश

Facebook


