केरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026

केरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026

केरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026
Modified Date: August 24, 2026 / 08:24 pm IST
Published Date: August 24, 2026 8:24 pm IST

जयपुर, 24 अगस्त (भाषा) केरल की केजिया लिज मेजो को यहां आयोजित भव्य समारोह में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 चुना गया है। अब वह नवंबर में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला 23 अगस्त को हुआ, जिसमें देशभर से प्रतिभाओं ने हिस्सा लिया।

विधि पाठ्यक्रम की 19 वर्षीय छात्रा और मॉडल मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित खिताब जीता। तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश को उपविजेता चुना गया जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर तीसरे स्थान पर रहीं।

इस प्रतियोगिता में देशभर से चुनी गईं प्रतिभागियों ने अलग-अलग चरण में अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संवाद कौशल और भारतीय संस्कृति की समझ का प्रदर्शन किया।

मेजो ने कहा कि यह खिताब ‘‘एक बड़ी जिम्मेदारी’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह खिताब मेरे लिए सिर्फ एक उपलब्धि नहीं है, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है। इस अवसर के जरिए मैं दुनिया के सामने भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नयी पीढ़ी की ताकत को दिखाना चाहती हूं।’’

मिस यूनिवर्स इंडिया के प्रमुख निखिल आनंद ने कहा, ‘‘मिस यूनिवर्स इंडिया का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली प्रतिभाशाली युवतियों को एक राष्ट्रीय मंच देना है, जहां वे दुनिया के सामने अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता दिखा सकें। इस वर्ष के आयोजन ने और भी बड़े व भव्य समारोह के जरिए इस उद्देश्य को हासिल करने में योगदान दिया। हम सहयोग और गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए स्थानीय प्रशासन और जयपुर के लोगों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं।’’

भाषा बाकोलिया

राजकुमार जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में