राहुल गांधी महिला अधिकारों के पैरोकार नहीं, बल्कि हिंदू विरोधी: हिमंत
राहुल गांधी महिला अधिकारों के पैरोकार नहीं, बल्कि हिंदू विरोधी: हिमंत
गुवाहाटी, 24 अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह महिला अधिकारों के पैरोकार नहीं, बल्कि ‘‘सिर्फ एक हिंदू विरोधी’’ हैं।
गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र में छात्राओं के साथ संवाद के दौरान ‘‘मनुस्मृति की मानसिकता’’ की आलोचना की थी, छात्राओं से ‘‘पितृसत्ता को खत्म करने’’ का आह्वान किया था और कहा था कि महिलाएं स्वयं के अधीन हैं और अपने पिता, पति या पुत्रों के नहीं।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि गांधी महिला सशक्तीकरण के मुद्दे का इस्तेमाल हिंदू धर्म को निशाना बनाने और बदनाम करने के सुविधाजनक बहाने के तौर पर कर रहे हैं।
शर्मा ने कहा, ‘‘जरा सोचिए: उन्होंने शरिया के तहत कायम पितृसत्तात्मक और मध्ययुगीन प्रथाओं के खिलाफ इसी तरह कितनी बार आक्रोश के साथ आवाज उठाई है? कभी नहीं।’’
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, ‘‘जबकि शरिया इस्लामी न्यायशास्त्र का आधार है, वहीं मनुस्मृति को हिंदू धर्म में ऐसी कोई तुलनीय शास्त्रीय मान्यता प्राप्त नहीं है। यह हिंदुओं के लिए कोई सार्वभौमिक रूप से बाध्यकारी संहिता भी नहीं है।’’
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


